ललितपुर। जखौरा क्षेत्र के एक गांव में रात भर से गायब एक बारह वर्षीय बालिका से हैवानियत के मामले में पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म और कुकर्म की बात सामने आई तो पुलिस अधीक्षक के सख्त तेवर देखते हुए जखौरा पुलिस ने जांच व पूछताछ तेज कर दी। दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
थाना जखौरा क्षेत्र के एक गांव में 17 अक्तूबर की देर शाम को गायब हुई बारह वर्षीय बालिका का शव उसके ही घर के पीछे कुछ दूरी पर खेतों में बनी नाली में अर्द्घनग्न अवस्था में पड़ा मिला था, जिस पर परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई थी। इसमें थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद दूसरे दिन हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी और बालिका के शव का पोस्टमार्टम कराया था। जबकि आरोपी उसके ही चचेरे मामा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया लेकिन जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ जिसमें बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म और कुकर्म भी होना पाया गया। पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आए तथ्यों के आधार पर थाना पुलिस को सख्ती से पूरे मामले में गहनता से जांच करते हुए अन्य आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए। शुरुआत में जहां पुलिस ने मात्र हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की थी, वहीं पोस्टमार्टम के बाद जांच में दो और नाम प्रकाश में आए, जिस पर पुलिस ने उक्त मामले में अब सामूहिक दुष्कर्म और कुकर्म एवं साक्ष्य छिपाने की धाराओं को भी जोड़ दिया। पुलिस ने रोहन एवं बालिका के चचेरे मामा के बेटे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय द्वारा दोनों आरोपियों को चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जबकि एक मामले में बालिका के आरोपी चचेरे मामा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।