बानपुर। थाना क्षेत्र के गांव बरतला से शुक्रवार रात से लापता चार वर्षीय बालक की खोज में पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। हालांकि अभी तक टीमों को कई सफलता नहीं मिली है। थाना इंचार्ज अनुज गंगवार ने बताया कि बालक देर रात मऊघाट पुल पर बाइक सवार लोगों ने देखा था लेकिन डर के कारण वह लोग पुलिस को सूचना दिए बगैर चले गए।
थाना क्षेत्र के ग्राम बरतला निवासी गणेश अहिरवार के परिवारीजन शुक्रवार रात अपने इकलौते चार वर्षीय बेटे रमाकांत को चाचा के पास लिटाकर गांव में देवी के मंदिर पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा सुनने गए थे। रात में वापस आने पर रमाकांत चाचा के पास से गायब मिला। रात में ही परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने शनिवार को थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बच्चे की खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक मध्यरात्रि में बाइक सवार दो लोग मऊघाट पुल से गुजर रहे थे। इस दौरान पुल पर अकेला बच्चा देखकर वह डर के मारे निकल गए। उन्होंने बताया कि चार टीमें बच्चे की खोजबीन में लगी हुई हैं। इधर इकलौते बच्चे के रहस्यमय ढंग से गायब होने पर परिजन भी परेशान हैं। परिजनों ने अपनी सभी रिश्तेदारियों व मिलने वालों के यहां भी बच्चे को खोजा, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।