संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने खाद्य एवं रसद विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी और उचित दर दुकानों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी उमेश चंद्र मिश्र ने बताया कि अप्रैल, मई और जून माह के दौरान आवश्यक वस्तुओं के वितरण की निगरानी में अनियमितताएं पाए जाने पर चार उचित दर दुकानों को निलंबित किया गया, जबकि पांच दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए। इसके अलावा दो विक्रेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई और आठ हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
आधार सीडिंग की समीक्षा में पाया गया कि अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्डों के सापेक्ष 762 सदस्यों की आधार सीडिंग अभी लंबित है। इसके अलावा 46,981 सदस्यों की ई-केवाईसी कराई जानी शेष है जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राशन कार्डों की सूची का सत्यापन कराया जाए और मृतक तथा ग्राम या क्षेत्र में निवास न करने वाले यूनिटों को सूची से हटाया जाए। उन्होंने कहा कि जिन लाभार्थियों की ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है, वे डाकघर, तहसील या अन्य अधिकृत केंद्रों पर आधार कार्ड का बायोमैट्रिक अपडेट कराएं, जिससे ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी हो सके।
-
74 अन्नपूर्णा भवन तैयार, 79 निर्माणाधीन
जनसुविधा केंद्र और लोकवाणी केंद्रों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा में 3,079 आवेदन लंबित पाए गए। बैठक में बताया गया कि अप्रैल, मई और जून माह के दौरान 6,446 नए राशन कार्ड जारी किए गए हैं।उचित दर दुकानों के संचालन को बेहतर बनाने के लिए अन्नपूर्णा भवन (मॉडल शॉप) का निर्माण कराया जा रहा है। अब तक 74 दुकानों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 79 दुकानों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा 71 दुकानों के निर्माण की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इम्तियाज अहमद, जिला विकास अधिकारी अतिरंजन सिंह, बीएसए रत्नेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह, जिला खाद्य विपणन अधिकारी चामुंडा प्रसाद पांडेय, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा तथा जिला उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेश चंद्र जैन बड़ेरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।