संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर/सौजना। बोलेरो के आगे बाइक लगाकर दबंगों ने गाली देते हुए मारपीट कर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। इस मामले में पुलिस ने चार पर रिपोर्ट दर्ज किया है।
थाना बानपुर के ग्राम डेंगना म्यांव निवासी मुलायम ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसके भाई बहादुर अहिरवार ने थाना सौजना के ग्राम भदौरा में रोड बनाने का कार्य लिया है। तीन जुलाई को वह और उसके मामा का लड़का मौसम निर्माण कार्य देख रहे थे। तभी ग्राम भदौरा निवासी धनीराम आया। काम बंद करने और जान से मारने की धमकी दी। आसपास के लोगों ने बीच बचाव किया तो धनीराम वहां से भाग गया। इसके बाद रात करीब 10 बजे जब वह अपने मामा के लड़के के साथ भदौरा से टीकमगढ़ जा रहे थे, तो ग्राम छापछौल के पास तीन लोग बाइक से आए। उन्होंने उसकी बोलेरो कार के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। कार की चाबी निकालकर उनसे नाम व जाति पूछकर जाति सूचक शब्दों से अपमानित करते हुए गालियां दी। विरोध करने पर पिटाई भी कर दी। आरोपियों ने उसके दो मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया। बोलेरो गाड़ी का आगे का शीशा तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने आरोपियों के नाम राघवेंद्र, राव साब और जगभान निवासी ग्राम सुकवाहा जिला टीकमगढ़ मध्य प्रदेश बताया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।