ललितपुर। मोहल्ला नेहरू नगर के निवासियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। चौथे दिन जब जल संस्थान ने आपूर्ति शुरू की तो दूसरी जगह पाइप लाइन में लीकेज हो गया। देखते ही देखते सारा पानी जमीन में फैलकर बर्बाद हो गया। चार दिन से ठप पड़ी आपूर्ति के कारण लोग बूूंद-बूंद पानी के लिए तरस गए।
चार दिन से मोहल्ला नेहरू नगर की पेयजल की समस्या से ग्रसित है। गत दिवस जल संस्थान कर्मियों ने किसी तरह पाइप लाइन की मरम्मत की तो रविवार को सुचारु आपूर्ति होने की उम्मीद लगाई जा रही थी। जब संस्थान कर्मियों ने आपूर्ति प्रारंभ की तो जिस जगह पर मरम्मत हुई, उससे आगे एक और लीकेज हो गया। इससे पाइप लाइन का पानी जमीन पर फैल गया और वह नेहरू नगर तक नहीं पहुंच सका।
उधर, लोग आपूर्ति का काफी देर तक इंतजार करते रहे। जब नलों में पानी नहीं आया तो कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। यहां देखा तो पानी का फव्वारा छूट रहा था। इस पर स्थानीय लोगों ने पाइप लाइन में लीकेज होने की सूचना दी। जिस पर अवर अभियंता श्रमिकों के साथ पाइप लाइन लीकेज की मरम्मत के लिए पहुंच गए। देर शाम पाइप लाइन का लीकेज दुरुस्त कर लिया गया। अब सोमवार को जलापूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।
चार दिन से नलों में पानी नहीं आ रहा है। हैंडपंप से कहां तक पानी जुटाएं? आखिर पानी ढोते-ढोते सिर जवाब दे देता है। पानी के लिए बड़ी परेशानी हो गई है।
- लाड़कुंवर
जल संस्थान के कर्मचारी रोजाना कह देते हैं कि कल आएगा पानी और पानी नलों में आता नहीं है। सुबह आठ बजे तक नल के पास बैठे रहते हैं। जब नल में पानी नहीं आता तो फिर बर्तन उठाकर हैंडपंप पर पानी भरने के लिए जाना पड़ता है।
- अनीस खान
मोहल्ला में पेयजल की समस्या सालों की हो गई है। लगता है कि कब इस समस्या से छुटकारा मिलेेगा? अधिकारी कुछ कहते नहीं है और नेताओं की बातों पर भरोसा नहीं कर सकते हैं।
- तीजा
जल संस्थान वर्षों पुराने सिस्टम में काम कर रहा है। इस कारण पाइप लाइनों में लीकेज की समस्या आए दिन होती है। विभाग को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।
- उमाशंकर
अब गर्मी की शुरुआत हो रही है और आपूर्ति ने भी अपने रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। इसे देख घबराहट होने लगी है कि गर्मियों में पीने का पानी मिलेगा या नहीं। इतना पैसा नहीं कि घर में बोरिंग करा सके।
- भागवती
शनिवार को ही क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत करा दी थी, लेकिन रविवार को आपूर्ति की गई तो नई जगह से लीकेज हो गया। इस कारण आपूर्ति प्रभावित हुई। लीकेज को सुधार लिया गया है, सोमवार को आपूर्ति सुचारू हो जाएगी।
- संजीव कुुमार, अधिशासी अभियंता
जल संस्थान
डोंगरा कला में सड़क के बीच में बनी नाली- फोटो : LALITPUR