संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आग से सुरक्षा संबंधी मानकों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे चार कोचिंग सेंटर और एक डिजिटल लाइब्रेरी पर जिला प्रशासन ने सील कर बंद करा दिया। वहीं, पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण राजघाट रोड स्थित तीन मैरिज पैलेस संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
लखनऊ में कोचिंग संस्थान में हुई अग्निकांड की घटना के बाद शासन के निर्देश पर जिले में कोचिंग संस्थानों की जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के निर्देश पर एसडीएम सदर ने टीम के साथ विभिन्न कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सिवनी खुर्द निवासी दीपेंद्र के भवन में संचालित कोचिंग सेंटर, इलाइट क्षेत्र में नितांश विश्वकर्मा का कोचिंग संस्थान, अटा मंदिर के पास निवासी शुभम जैन द्वारा संचालित बुंदेलखंड डिजिटल लाइब्रेरी, पिसनारी क्षेत्र स्थित अमन कोचिंग सेंटर तथा वर्णी चौराहा स्थित विशाल साहू और हरेंद्र प्रताप सिंह के कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा के आवश्यक मानक पूरे नहीं मिले।
जांच में पाया गया कि संस्थानों में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में गंभीर हादसे की स्थिति पैदा हो सकती है। इसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सदर मनीष कुमार ने संबंधित कोचिंग सेंटरों और डिजिटल लाइब्रेरी को सील कर उनका संचालन बंद करा दिया।
तीन मैरिज पैलेस संचालकों को नोटिस
राजघाट रोड स्थित तीन मैरिज पैलेसों का भी निरीक्षण किया गया। यहां वाहन पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण समारोहों के दौरान सड़क किनारे वाहन खड़े किए जाते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इस मामले में कपिल कुशवाहा, भागीरथ कुशवाहा और मुकेश कुमार नामदेव को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।