महरौनी (ललितपुर)। कोतवाली महरौनी क्षेत्र में दो दिन पहले रंग लगाने को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी महरौनी केशव नाथ ने बताया कि होली पर महरौनी के सौजना रोड पर रंग गुलाल लगाने को लेकर विवाद हुआ था और शिक्षक अरविंद की तहरीर पर मामला पंजीकृत किया गया था। बताया कि 19 मार्च को बानपुर चौराहे पर रंग लगाने को लेकर हुए विवाद में युवती समेत सात लोग घायल हुए थे। बता दें कि शिक्षक अरविंद पुत्र भागीरथ अपने परिवार के साथ किराए से महरौनी में रह रहे हैं। होली पर उनका बेटा वैभव अपने दोस्त धीरज पटेल और भाई के साथ सोजना रोड पर अपने मित्र से मिलने जा रहे थे। वहीं सोजना रोड पर हरदौल मंदिर के पास कुछ युवक होली खेल रहे थे। युवकों ने इन लोगों को रोक कर जबरदस्ती रंग लगा दिया और जब जाने लगे तो उसके भाई की शर्ट को फाड़ दी। जिस पर विवाद हो गया और होली खेल रहे युवकों के साथ मारपीट कर दी।
मारपीट के बाद वैभव अपने भाई और मित्र के साथ घर पहुंचा और अपने परिजनों को मारपीट के बारे में बताया। जिससे वैभव के पिता अरविंद, उनकी दो पुत्रियां और अन्य लोगों के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। जहां मौजूद युवकों के साथ कहासुनी हुई और एकाएक मारपीट शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक चौराहे पर मारपीट में धीरज पटेल के सिर पर एक लड़के ने डंडे से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया। मामले में पुलिस ने टीकमगढ़ रोड पुलिया बाईपास के पास से वांछित अमित चौरसिया उर्फ अन्ना चौरसिया पुत्र चिंटे चौरसिया, भानू प्रताप सिंह पुत्र धीरज सिंह, रानू राजा पुत्र धीरज सिंह राघवेंद्र चौरसिया पुत्र चिंटे चौरसिया निवासी महरौनी को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें डाक्टरी परीक्षण के बाद जेल भेज दिया गया।
अभियुक्तों को पकड़ने में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कामता प्रसाद, उप निरीक्षक नगर इंचार्ज सतीश कुमार, उप निरीक्षक शिवकिशोर, कांस्टेबल अवधेश कुमार, दयानंद, सुजीत कुशवाहा रहे।
दूसरे पक्ष ने की निष्पक्ष जांच की मांग
महरौनी। मारपीट के मामले में दूसरे पक्ष के भानु राजा ने आरोप लगाया है कि शिक्षक अपनी दो बेटियों, बेटा एवं साथियों को लेकर बानपुर चौराहे पर पहुंचे और वहां जो भी रंग लगाए मिला उनके साथ मारपीट करने लगे। वहां पान की दुकान वाले और अन्य लोगों को डंडे लाठियों से पीटा। जबकि रंग लगाने पर मामूली विवाद हुआ था, जिसको लेकर शिक्षक और उनके परिजनों ने जमकर उत्पात मचाया। जिसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई थी। उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि उसके भाई को लाठी-डंडों से पीटा जिससे उसके सिर एवं सीने में गंभीर चोटें आई हैं। अध्यापक और उनकी बेटियों और बेटों, दोस्तों द्वारा की जा रही मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। दूसरे पक्ष ने अध्यापक सहित सभी लोगों पर मुकदमा लिखने की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग पुलिस अधीक्षक से की है।