ललितपुर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से 3022.81 लाख रुपये से जिले की खस्ताहाल 34 सड़कों व पुलों जिसकी लंबाई करीब 61.14 किलोमीटर का शिलान्यास किया। उन्होंने सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्रता से गुणवत्तापूर्ण बनाए जाने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में आयोजित कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन पर वर्चुअल कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त, गुणवत्तायुक्त और समयबद्धता से कार्य पूर्ण करना लोक निर्माण विभाग की प्राथमिकता है। कहा कि अब ग्रामीण मार्गों, जो कोई पर्यटन स्थल, कोई धार्मिक स्थल या कोई सार्वजनिक स्थल अथवा कहीं आबादी अधिक है, तो ऐसे मार्गों का चौड़ीकरण करने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में अधिक लंबी सड़कें हैं या जो प्राथमिकता की सड़कें हैं, सर्वप्रथम उन्हें पूर्ण किया जाएगा और भविष्य के लिए रोडमैप तैयार किया गया है कि ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें अब पांच मीटर चौड़ी ही बनाई जाएंगी।
संचालन सहायक अभियंता इंजीनियर सुबोध कुमार ने किया। इस मौके पर राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ, सदर विधायक रामरतन कुशवाह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन,सदस्य बुंदेलखंड विकास बोर्ड प्रदीप चौबे के अलावा प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता इं. राजेंद्र सिंह, संजीव सक्सेना, इं.जेपी खरे,इं. नवनीत सिंह राजपूत, इं. एबी कटियार, इं यूएन त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
टॉप 20 बच्चों के घर को जाने वाली सड़कें भी बनेंगी
अलग-अलग क्षेत्रों के जिन प्रतिभाशाली बच्चों का स्थान टॉप-20 में आता है, उनके घर तक की सड़क ‘डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम गौरवपथ’ के नाम से बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पदक प्रदेश के लिए जीतकर लाए हैं, उस विजेता के घर तक सड़क ‘मेजर ध्यानचंद विजयपथ’ के नाम से बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। देश की सीमा पर शहीद हुए जवान के सम्मान में उनके घर तक सड़क ‘जय हिंद वीरपथ’ के नाम से बनाने का कार्य कर रहे हैं।