ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ककरूआ के पास मवेशी सामने आ जाने से बुधवार को दोपहर में एक ऑटो पलट गई, जिससे उसमें सवार पांच घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया।
बुधवार की दोपहर में करीब ढाई बजे सवारियां लेकर एक ऑटो ललितपुर से थाना जाखलौन क्षेत्र के ग्राम बम्हौरीकलां जा रही थी। अभी ऑटो कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ककरूआ से कुछ आगे ही निकली थी कि अचानक से एक मवेशी सामने आ गया, जिससे तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार पांच लोगों को चोटें आई हैं। घायलों में बम्हौरीकलां निवासी कृष्ण कुमार (15) पुत्र राजकुमार, देवेंद्र (15) पुत्र अजुद्दी, इमरत (50 ) पुत्र कल्ले, उर्मिला (16) पुत्री राजाराम व ग्राम अंडेला निवासी रामकुंवर (50) पत्नी अनंतराम घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों व राहगीरों ने ऑटो से किसी प्रकार उसमें सवारों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में उपचार के लिये पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। हालांकि इनमें किसी को बहुत ज्यादा गंभीर चोटें नहीं आई हैं।
बाइक से टकराई नीलगाय, तीन घायल
तालबेहट। राष्ट्रीय राजमार्ग - 44 पर आईटीआई कॉलेज के समीप एक नीलगाय चलती बाइक से टकरा गई, जिसमें एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से दो घायलों को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।
कोतवाली के अंतर्गत ग्राम रामपुर निवासी नरेंद्र (22) वर्ष पुत्र आशाराम, ललिता (50) वर्ष पत्नी तुलाराम और सुरजीत (12) पुत्र तुलाराम के साथ बुधवार की दोपहर में ग्राम रामपुर से तालबेहट आ रहे थे। आईटीआई कॉलेज के पास एक नील गाय उनकी बाइक से टकरा गई, जिससे तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप घायल हो गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट लाया गया। नरेंद्र और ललिता की हालत गंभीर होने पर दोनों को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।