ललितपुर। जल संस्थान की साइफन लाइन में खराबी होने से मोहल्ला नेहरू नगर सहित कई मोहल्लों में जलापूर्ति बाधित रही। जांच की गई तो साइफन में मछली का जाल व कचरा फंसा हुआ था। इससे स्थानीय लोगों को पीने का पानी जुटाना मुश्किल हो गया। पानी के टैंकर पर पानी भरने के लिए मोहल्लेवासियों की भारी भीड़ लग गई। इससे कई लोगों को पानी भी नसीब नहीं हुआ।
मोहल्ला नेहरू नगर में कई दिनों से पेयजल की समस्या बनी हुई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पहले से जलापूर्ति नहीं हो पा रही थी, जिस कारण कई जगहों पर टैंकर से जलापूर्ति की जा रही है। मंगलवार को गोविंद सागर बांध से कच्चा पानी उठाने वाली साइफन लाइन में अचानक खराबी आ गई, जिससे बुधवार को मोहल्ला नेहरू नगर सहित सिद्धनपुरा, नई बस्ती, गांधीनगर, आजादपुरा, लेड़ियापुरा, चांदमारी, सिविल लाइन मोहल्लों की पेयजलापूर्ति लड़खड़ा गई। यहां सुबह से महिला व पुरूष नलों के नीचे अपने-अपने बर्तन रखकर पानी आने का इंतजार करने लगे। जब बहुत देर तक नल नहीं आए तो मोहल्लेवासी अपने बर्तन लेकर हैडपंपों पर पानी भरने के लिए दौड़ पड़े। देखते ही देखते हैंडपंपों पर भारी भीड़ लग गई। जैसे ही पानी का टैंकर आया तो पानी के टैंकर के पास भी लोग एकत्रित हो गए।
उधर, जल संस्थान के सहायक अभियंता अनार सिंह व लक्ष्मन यादव सुपर वाइजर की मौजूदगी में जल संस्थान के कर्मचारियों ने बांध के पानी में पहुंचकर साइफन लाइन को साफ किया। बताया गया कि साइफन में मछली का जाल व कचरा फंसा हुआ था। साइफन लाइन की फुटबॉल का कब्जा भी टूट गया था। इससे अपर जोन के सिद्धनपुरा, नेहरू नगर, नई बस्ती, गांधीनगर, आजादपुरा, लेड़ियापुरा, चांदमारी, सिविल लाइन में जलापूर्ति बृहस्पतिवार को भी बाधित रहने की संभावना जताई जा रही है।
मोहल्ले की पेयजलापूर्ति कई दिनों से बाधित है। मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया है। साइफन लाइन की फुटबॉल को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए, जिससे नेहरू नगर वासियों को पानी के लिये परेशान नहीं होना पड़े।
- शीलादेवी
मोहल्लेवासियों के लिए पानी जुटाना मुश्किल हो गया है। जहां हैंडपंप पर भीड़ लग रही है। वहीं, टैंकर पर भीड़ देखते ही बन रही है। पिछले कई दिनों से पेयजल की समस्या बनी हुई है। साइफन लाइन की फुटबॉल खराब होने से पानी की टंकी नहीं भर पा रही है, इसलिए नेहरू नगर की पेयजलापूर्ति ठप हो गई है।
-रामप्यारी
नल नहीं आने के कारण नेहरू नगर वासियों को तपती धूप में पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। लोगों को काफी दूर से पानी जुटाना पड़ रहा है। सुबह से लेकर शाम तक महिला, पुरुष व बच्चे अपने-अपने हाथों में पानी के लिए डिब्बा लिए भटकते रहते हैं।
- राजकुमार
मोहल्ले में मांग के सापेक्ष टैंकर कम पहुंच रहे हैं, जिस वजह से पानी की पूर्ति नहीं हो पा रही है। जो टैंकर आते हैं, उन पर इसलिए भीड़ जुट रही है। विभागीय अफसर इस बात को जानते हैं, इसके बाद भी नजरअंदाज कर रहे हैं, जिससे समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। - शिब्बू रजक
पानी की इतनी गंभीर समस्या हो गई है कि रात में भी जागकर लोग हैंडपंप से पानी भरते हैं। सुबह होते ही हैंडपंपों पर भीड़ लग जाती है, इससे बचने के लिए लोगों ने रात्रि में पानी भरना शुरू कर दिया है। नेहरू नगर में हैंडपंप की खटपट की आवाज दूर तक सुनाई देती है। - यूनिस खान
महिलाओं के लिए सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। अधिकतर घरों में पानी भरने की जिम्मेदारी महिलाएं ही उठा रही हैं। सुबह से पहले पानी के लिए जद्दोजहद और फिर रसोई में जुटना पड़ता है। पानी की समस्या के कारण आराम- हराम हो गया है। - श्रीबाई
साइफन की मरम्मत हो गई है, लेकिन बृहस्पतिवार को विभिन्न मोहल्लों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। - संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान
हैंडपंप से पानी भरकर लाते बच्चे- फोटो : LALITPUR