भिंड। अटेर रोड स्थित बड़े हनुमान मंदिर के पास मंगलवार दोपहर में एक किराना की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। लपटों को देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
श्री आदिनाथ ट्रेडर्स किराना गोदाम में लपटें देख आसपास के लोगों की सूचना पर गोदाम मालिक मनोज जैन आनन फानन मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू हो गई। बाद में दो दमकल और बुला ली गई। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम मालिक मनोज जैन ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा जताते हुए लाखों का सामान जलने की बात कही।