घर में लगी आग को बुझाते फायरकर्मी। संवाद
ललितपुर। तालाबंद एक मकान के अंदर सोमवार की दोपहर को अचानक से आग लग गई। फायर ब्रिगेड वाहन ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग से घर के अंदर रखा फर्नीचर सहित अन्य घरेलू सामान जल गया।
शहर के मोहल्ला महावीरपुरा स्थित छोटे जीजीआईसी स्कूल के सामने निवासी नरेश शुक्ला करीब दो दिन पूर्व घर में ताला लगाकर बाहर चले गए थे। सोमवार की दोपहर को तालाबंद मकान के अंदर से मोहल्ले के लोगों ने अचानक से धुआं उठता देखा तो वह मौके पर पहुंचे। खिड़कियों से झांककर देखा तो अंदर आग लगी थी। इसकी सूचना मोहल्लेवालों ने नरेश को दी। मोहल्ले के लोगों ने ताला तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंचा और आग पर पानी डालकर काबू पाया। आग से घर के अंदर रखा लकड़ी का फर्नीचर सहित अन्य घरेलू सामान जल गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट को बताया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि मकान में आग लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। फायर ब्रिगेड वाहन ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगने की संभावना है। फिर भी आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।