अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। जिले से गुजरने वाली निजी बसों में हो रही माल ढुलाई की जांच के लिए राज्य कर विभाग प्रवर्तन इकाई ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान कुल आठ निजी बसों की जांच की गई जिसमें दो बसों में घोषित माल के साथ अघोषित रेडीमेड गारमेंट्स पाए गए। इस पर विभाग ने 24,150 रुपये का अर्थदंड वसूल किया।
राज्य कर विभाग प्रवर्तन दल के सहायक आयुक्त नीरज शुक्ला एवं राम कुमार यादव के नेतृत्व में शनिवार को टीम ने ललितपुर से गुजरने वाली विभिन्न निजी बसों को रोककर उनमें लदे माल के प्रपत्र, बिल एवं ई-वे बिल की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि माल परिवहन में अनियमितता मिलने पर संबंधित बसों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग को भी पत्र भेज दिया गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बिना प्रपत्र माल परिवहन एवं कर चोरी रोकने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।