ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला चौबयाना में दो युवकों में आपसी विवाद में गोली चलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। इसके बाद युवक के परिजन उसे झांसी ले गए हैं। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और पत्नी की तहरीर में एक आरोपी के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना कोतवाली अंतर्गत शहर के मोहल्ला रामनगर निवासी राघवेंद्र (26) पुत्र चंदन कुशवाहा रविवार की रात को मोहल्ला चौबयाना में गया था, जहां उसका दीपक नामदेव नाम के व्यक्ति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर दीपक नामदेव ने राघवेंद्र के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह खून से लथपथ हो गया। उधर, कोतवाली पुलिस को इस मामले में गोली लगने की सूचना मिली, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और घायल युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने मामले को संदिग्ध बताया है और घायल की मेडिकल जांच कर एक्सरे भी कराया है। लेकिन, युवक के परिजन घायल को उपचार के लिए और गोली फंसे होने के संदेह में झांसी उपचार को ले गए। वहीं पुलिस ने घायल की पत्नी गेंदा की तहरीर के आधार पर मारपीट के मामले में दीपक नामदेव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि उक्त मामले में युवक का एक अन्य युवक से विवाद हुआ था और परिजन घायल को गोली लगने की बात बता रहे हैं। घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण व एक्सरे कराया गया है, रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।