ललितपुर। आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 21 अक्तूबर से 19 नवंबर तक संचालित होगी। इसका ठहराव छतरपुर, टीकमगढ़ और दैलवारा कॉर्ड स्टेशन पर भी किया गया है।
अप खजुराहो से हजरत निजामुद्दीन के लिए प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी। यह 21 अक्तूबर से 18 नवंबर तक संचालित की जाएगी। डाउन हजरत निजामुद्दीन से खजुराहो के लिए प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को चलेगी। यह 22 अक्तूबर से 19 नवंबर तक चलाई जाएगी। अप खजुराहो से रात 22.15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 11 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। वापसी में डाउन हजरत निजामुद्दीन से दोपहर 12.30 बजे चलकर अगले दिन सुबह 03.30 बजे खजुराहो पहुंचेगी। इस फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन में कुल 20 आईसीएफ कोच होंगे। इनमें 05 स्लीपर, 12 सामान्य श्रेणी, एक एसी थ्री टियर और 02 एसएलआरडी श्रेणी के कोच शामिल हैं।
रुंधी फेस्टिवल एक्सप्रेस रद
परिचालनिक कारणों से खजुराहो-रुंधी फेस्टिवल एक्सप्रेस रद कर दी गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन के स्थान पर 01913/01914 ट्रेन का संचालन किया जाएगा। पीआरओ रेलवे झांसी मनोज कुमार सिंह ने यह जानकारी दी है।