गुरसराय। गुरसराय थाना इलाके के परकोटा में बेटी की ससुराल आए एक व्यक्ति की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। मृतक की बेटी ने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के मड़वा राजगढ़ निवासी रामसेवक (50) ने अपनी बेटी रोशनी की शादी तकरीबन बारह साल पहले गुरसराय के परकोटा निवासी कृष्णकांत के साथ की थी। बीते रोज बेटी और दामाद के बीच विवाद की जानकारी होने पर रामसेवक अपनी पत्नी के साथ बेटी की ससुराल आए थे। यहां उनकी संदिग्धावस्था में मौत हो गई। पिता की मौत के बाद रोशनी ने आरोप लगाया कि उसका कोई भाई नहीं है। इस पर पति उसकी मायके की संपत्ति में हिस्सेदारी मांग रहा था। इसी बात को लेकर वह आए दिन शराब के नशे में उससे मारपीट भी करता था। मृतक की बेटी ने पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ पिता की हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में गुरसराय थाने के प्रभारी निरीक्षक वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की पड़ताल की जा रही है।