संवाद न्यूज एजेंसी
रानीपुर। नगर पंचायत द्वारा क्षेत्र में दो हेक्टेयर जमीन पर गो आश्रय स्थल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को मौजा भौरारा में जमीन चिह्नित कर ली गई है।
नगर पंचायत की ओर से गोशाला का प्रस्ताव भेजा गया था। इस पर शासन ने जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रामदुलार यादव व चेयरमैन प्रतिनिधि अयोध्या प्रसाद खरका ने लेखपाल पुष्पेंद्र कुमार, लिपिक तेजराम कुशवाहा, विष्णु कुमार आर्य आदि के साथ मौजा भौरारा का निरीक्षण कर दो हेक्टेयर जमीन चिह्नित की।इसके साथ ही गो आश्रय स्थल निर्माण की दिशा में आगे की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
बता दें कि कस्बे में छुट्टा पशुओं की भरमार बनी हुई है। ये कस्बे की गलियों से लेकर मुख्य सड़कों तक पर भ्रमण करते नजर आते हैं। इससे आए दिन दुर्घटनाएं तो होती ही हैं, साथ ही किसानों के लिए भी यह परेशानी का सबब बने हुए हैं। बड़ी गोशाला बन जाने से किसानों को राहत मिलेेगी, साथ ही गोवंशों को भी आसरा मिल जाएगा।