ललितपुर। जखौरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने एक ठेकेदार पर झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने का आरोप लगाते हुए डीएम से कार्रवाई की मांग की है। डीएम ने जखौरा थानाध्यक्ष को प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं।
जखौरा थाना अंतर्गत ग्राम मिनौरा निवासी ग्रामवासियों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि लोहिया समग्र ग्राम मिनौरा में सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें घटिया किस्म की बालू और मानक से कम सीमेंट का उपयोग किया जा रहा है। सड़क के दोनों ओर डबल खंडा के बजाय सिंगल खंडा की चिनाई कराई गई है, इसकी शिकायत ग्रामवासियों ने डीएम, एसडीएम, अधिशासी अभियंता के अलावा मंडलायुक्त झांसी से की, जिससे बौखलाकर ठेकेदार ने गांव के शोभाराम पर ट्रैक्टर से सड़क क्षतिग्रस्त करने तथा शराब पीकर गाली गलौच करने के आरोप लगाकर जखौरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी।
जबकि, पुलिस के मौका मुआयना के दौरान यह सभी आरोप गलत पाए। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क निर्माण कार्य की जांच कराए जाने तथा दर्ज कराए गए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। शिकायती पत्र देने वालों में शोभाराम, अशोक, मनीराम, लखन लाल, हुकुम, सुनील, सुजान, राजू, ओमकार, राजेश, शिवचरन, भागचंद, तुलसीराम आदि ग्रामीण शामिल हैं।