संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम पाह में खेत से लौट रहे एक किसान की बिजली गिरने से मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम पाह निवासी 55 वर्षीय किस्सू रविवार को अपने खेत में फसल पर दवा छिड़कने गया था। शाम के समय वह काम पूरा कर घर लौट रहा था। इसी दौरान खेत की मेड़ पर पहुंचते ही अचानक बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह अचेत होकर गिर पड़ा।
घटना देखकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। थानाध्यक्ष अरुण तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है।