ललितपुर। थाना बार के ग्राम धमना में खेत पर गए एक किसान ने बुधवार की रात को पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी मिलने पर थाना बार पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना बार क्षेत्र के ग्राम धमना निवासी सुखनंदन (36) पुत्र बारेलाल झा बुधवार की शाम को खेत पर गया था। रात्रि के समय करीब दस बजे जब उसका भाई लखनलाल खेत पर पहुंचा और सुखनंदन वहां दिखाई नहीं दिया तो उसने टॉर्च की रोशनी करके उसे तलाश किया, तभी उसकी नजर एरवां के पेड़ पर पड़ी, जहां उसे कुछ लटकते हुए दिखाई दिया, जिस पर उसने पास में जाकर देखा तो सुखनंदन पेड़ पर रस्सी के फंदे पर लटक रहा था। उसने अन्य परिजनों व पुलिस को जानकारी दी। जानकारी मिलने पर थाना बार पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई लखनलाल ने बताया कि वह रोजाना की तरह रात दस बजे जब खेत पर पहुंचा तो टार्च की रोशनी में उसका भाई पेड़ पर फंदे पर लटका मिला और पास में ही उसकी बाइक भी खड़ी थी, जिसकी चाबी उसकी जेब में ही मिली। उसके भाई ने फांसी किस वजह से लगाई, इसकी जानकारी नहीं है। मृतक की दो बेटियां व एक बेटा है और वह दो भाई व छह बहनों में सबसे छोटा था। थानाध्यक्ष बार सुनील तिवारी ने बताया कि सुखनंदन की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, परिजनों ने मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात लिखकर दी है।