ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रघुनाथपुरा में दो दिन पहले नाले में बहे किसान का शव कुछ दूर नाले में झाड़ियों में अटका मिला।
ग्राम रघुनाथपुरा निवासी सुरेंद्र कुशवाहा (36) पुत्र गंगाराम का खेत गांव के बाहर स्थित बरुआ नाले के दूसरी ओर है। वह बुधवार को नाला पार करके दूसरी ओर अपने खेत पर गया था, लेकिन खेत से लौटते बारिश के चलते नाला उफान पर आ गया और वह नाले में पानी के तेज बहाव में बह गया, जिस पर आसपास के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार की शाम को घटना स्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर ग्रामीणों को नाले में झाड़ियों में फंसा उसका शव दिखाई दिया, जिस पर उसके परिजनों को सूचना दी।
जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भतीजे विनोद ने बताया कि दो दिन पहले उसके चाचा खेत पर गए थे, तब नाले में पानी का स्तर कम था। मृतक के तीन बेटे व एक बेटी है। वह तीन भाइयों में छोटा था। उसके पास एक एकड़ खेती है।