थान सिंह (मृतक किसान का फाइल फोटो)।
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम नैगुवां में खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने के लिए बने हौज में गश खाकर गिरकर किसान पानी में डूब गया। परिजन उसे उपचार को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बानपुर क्षेत्र के ग्राम नैगुवां निवासी थान सिंह (50) रविवार की शाम को अपने खेत में कीटनाशक का छिड़काव करवा रहा था। उसका बेटा कंधों पर कीटनाशक की प्लास्टिक की टंकी रखकर छिड़काव कर रहा था, जबकि थान सिंह हौज से पानी भरकर कीटनाशक की टंकी में डाल रहा था। इसी दौरान शाम को करीब छह बजे जब वह हौज से पानी भर रहा था, इसी दौरान अचानक वह गश खाकर पानी से भरे हौज में मुंह के बल गिर पड़ा और उसमें डूब गया। उसका बेटा तब तक दवा का छिड़काव करके घर की ओर चला गया। कुछ देर बाद जब उसकी नातिन हौज के पास पहुंची तो दादा को हौज में पड़ा देख उसने अन्य परिजनों को बुलाया, इस पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उठाकर तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटा जयपाल ने बताया कि उसके पिता की पानी से भरे हौज में गिरने से मौत हुई है। मृतक के दो बेटा व एक बेटी है, जबकि वह चार भाई व दो बहनों में सबसे छोटा था। उसके नाम करीब छह एकड़ जमीन है।