ललितपुर। थाना महरौनी के ग्राम कुआघोषी में खेत पर फसल रखवाली को गए एक किसान की सर्पदंश से मौत हो गई। जानकारी मिलने पर महरौनी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम कुआघोषी निवासी मगनलाल (60) पुत्र मुलू अहिरवार बृहस्पतिवार को सुबह खेत पर रखवाली के लिए गया था। दोपहर बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसे देखा तो मगनलाल खेत में एक मेड़ पर अचेत अवस्था में पड़ा था, यह देख परिजन तत्काल उसे महरौनी अस्पताल में ले गए, जहां परीक्षण उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मेमो मिलने के बाद महरौनी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र रामसेवक ने बताया कि उसके पिता को एक पैर में सर्पदंश का निशान होना पाया गया है। मृतक के तीन पुत्र व दो पुत्रियां हैं और वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। रामसेवक ने यह भी बताया कि उसके पिता के नाम लगभग साढ़े तीन एकड़ जमीन है और पिता खेती ही करते थे, जबकि वह मजदूरी करता है, जबकि उसके दो भाई दिल्ली में मजदूरी करते हैं।