ललितपुर। धान की फसल काटते समय ग्रामीण को सांप ने डस लिया। परिजन ने करीब एक घंटे तक झाड़फूंक कराई। हालत नहीं सुधरी तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम पिपरा निवासी विंद्रावन (50) बृहस्पतिवार को अपने खेत में खड़ी धान की फसल काट रहा था। शाम को विंद्रावन को सांप ने डस लिया। उसकी हालत बिगड़ने लगी। झाड़फूंक कराने के लिए परिजन उसे एक गांव में ले गए। यहां एक घंटे तक झाड़फूंक कराई। हालत सुधरने के बजाय और बिगड़ गई। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखौरा लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। चचेरे भाई बबलू ने बताया कि मृतक चार भाई-चार बहन में बड़ा था और उसके तीन पुत्र व दो पुत्रियां हैं। वह साढ़े तीन एकड़ जमीन पर खेती किसानी कर परिवार का पालन पोषण करता था। संवाद