ललितपुर। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान भर्ती एक सेवा निवृत्त दरोगा की मौत पर परिजनों ने रविवार की देर शाम को जमकर हंगामा काटा। जानकारी मिलने पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और मामले की जानकारी ली। वहीं परिजनों ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली अंतर्गत इलाइट चौराहा के आगे स्थित एक निजी अस्पताल में सेवा निवृत्त दरोगा रामदयाल अहिररवार की तबियत खराब होने पर उसके परिजन उसे उपचार के लिए इलाइट चौराहा स्थित एक चिकित्सक की अस्पताल में ले गए। यहां चिकित्सक ने उसकी जांच कर उसे अपनी निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कर लिया। इसके बाद रविवार की शाम को ही सेवानिवृत्त दरोगा की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई। परजिनों ने चिकित्सक व उनके स्टाफ के खिलाफ लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और परिजनों से घटना की जानकारी ली। वहीं मृतक सेवानिवृत्त दरोगा के पुत्र सोनू ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसके पिता पूर्व एसआई रामदयाल अहिरवार की तबियत बिगड़ने पर निजी चिकित्सक को दिखाया, जिन्होंने उसके पिता को अपने निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। आरोप लगाया कि चिकित्सक ने पूरे दिन इलाज में लापरवाही बरती। इसकी वजह से शाम को उनकी मौत हो गई और चिकित्सक व स्टाफ उसके पिता की बॉडी को छोड़कर चले गए। मृतक सेवानिवृत्त दरोगा के प़त्र ने कोतवाली पुलिस से चिकित्सक व स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है, मामले में जांच की जा रही है।