ललितपुर। सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद किरनमय नंदा ने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं कर सकी है। वहीं, सभी वायदे पूरे करने वाले देश के इकलौते मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बन गए हैं। उनके साफ सुथरे चेहरे की बदौलत सपा प्रदेश में दोबारा सरकार बनाएगी। विपक्षी दलों के पास तो कोई चेहरा भी नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुलायम संदेश यात्रा का मकसद सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा का प्रथम चरण 20 सितंबर को लखनऊ में समाप्त होगा। अखिलेश मंत्रिमंडल से दो मंत्रियों को बर्खास्त करने के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार को स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीबीआई जांच बैठने पर दोनों मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। शिवपाल यादव को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर बढ़ते बोझ को कम करने के लिए नेताजी (मुलायम सिंह) ने शिवपाल यादव को जिम्मेदारी दी है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा शिवपाल यादव के विभाग छीनने के जवाब में वह बचते नजर आए। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है, जो कुछ चल रहा है वह केवल मीडिया में है। समाजवादी पार्टी के पास ही साफ सुथरा चेहरा है। भाजपा अभी तक मुख्यमंत्री के लिए चेहरे की तलाश नहीं कर पाई है। बसपा सुप्रीमो मायावती के कार्यकाल में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। कमोवेश यही स्थिति कांग्रेस की है।
ऐसे में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में दोबारा सरकार बनना है। पार्टी पिछले चुनाव से ज्यादा सीटें जीतने की तैयारी कर रही है। इस मौके पर सपा युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव, जिलाध्यक्ष आल्हा प्रसाद निरंजन, तिलक यादव, सांसद प्रतिनिधि राजेश यादव, बालकृष्ण नायक, अजीज कुरैशी, नगर अध्यक्ष शिवम मिश्रा, छात्र सभा अध्यक्ष सेतु यादव आदि उपस्थित रहे।