संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू में बेहतर सुविधाएं दावे तक ही सीमित होकर रह गई हैं। यहां 12.50 लाख रुपये से छह बेड व आधुनिक उपकरण स्थापित किए जाने थे, लेकिन ढाई माह बाद भी विस्तार होना तो दूर शुरुआत तक नहीं की गई है।
एनएनसीयू में 12 बेड की सुविधा है। बेड की कमी से कई बार मरीजों को रेफर करना पड़ता है। एक बेड पर दो बच्चे तक को भर्ती करना पड़ जाता है। बीते वर्ष झांसी मेडिकल कॉलेज में आग लगने की घटना के बाद सरकार ने एसएनसीयू में सुविधाओं की स्थिति जानी थी।
मेडिकल कॉलेज में बेड की कमी होने पर 12 बेड बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन ने 12 के सापेक्ष छह बेड बढ़ाने की स्वीकृति देते हुए 12.50 लाख रुपये का बजट जारी किया था। इससे छह आधुनिक बेड व वार्मर, फोटो थैरेपी, कंसंट्रेटर समेत अन्य अत्याधुनिक उपकरण स्थापित किए जाने थे।
लेकिन, ढाई माह बाद भी आधुनिक उपकरण तो दूर बेड तक नहीं बढ़ाए गए। बेड के अभाव में मरीजों को रेफर तक करना पड़ रहा है।
-
ये नवजात होते हैं भर्ती
- जन्म के बाद न रोने वाले
- नौ माह से पहले पैदा होने वाले
- संक्रमण या वायरल की चपेट में आने वाले
- निमोनिया से ग्रसित बच्चे।
-
एसएनसीयू में छह बेड बढ़ाए जाने हैं। वर्तमान में कई वार्डाें में निर्माण चल रहा है। जल्द ही छह बेड बढ़ाए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
- डाॅ. डीनाथ, प्रधानाचार्य, मेडिकल कॉलेज