- ग्राम पंचायत ऐरा में सदर विधायक ने चौपाल लगाकर लोगों से किया संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। विकासखंड बिरधा अंतर्गत ग्राम पंचायत ऐरा में सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने जनसमस्याओं के समाधान के लिए चौपाल का आयोजन किया। जिसमें ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं क्षेत्रीय विकास से जुड़ी मांगों को विस्तार से सुना।
चौपाल में प्राप्त शिकायतों व सुझावों पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सदर विधायक ने कहा कि विकास कार्यों की गति तेज की जाएगी, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर लाभार्थी तक पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर पारदर्शिता, सुशासन और योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। ग्रामीणों ने चौपाल में पेयजल आपूर्ति, सड़क एवं नाली निर्माण, आवास पात्रता, बिजली व्यवस्था, राजस्व व किसान से जुड़ी समस्याएं, सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाएं, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं की समस्याओं से अवगत कराया। सदर विधायक ने आश्वासन दिया कि सभी वास्तविक समस्याओं का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। इस अवसर पर परियोजना निदेशक दीपक यादव, खंड विकास अधिकारी बिरधा इरशाद अहमद, भाजपा अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र रजक आदि मौजूद रहे।