मड़ावरा (ललितपुर)। तहसील मड़ावरा क्षेत्र के सुदूर वनक्षेत्र में बसे गांव संकरा की सहरिया बस्ती में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ उपजिलाधिकारी एसके पाल द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छी सेहत ही इंसान की सबसे बड़ी पूंजी है और अच्छे स्वास्थ्य के लिये साफ-सफाई और स्वच्छता बहुत जरूरी है। अपनी व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ ही हमें अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ बनाने की जरूरत है।
इससे सारे समाज को लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य शिविर में मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीपीसीएम अनिल कुमार द्वारा शासन द्वारा संचालित 108, 102 एंबुलेंस सेवा, जननी सुरक्षा योजना, समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई। स्वास्थ्य शिविर में सकरा गांव की सहरिया बस्ती के 110 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें ब्लड-प्रेशर, डायबिटीज, बुखार, चर्मरोग समेत विभिन्न संक्रामक रोगों की भी जांच कर उपचार एवं स्वास्थ्य सलाह दी गई।
इसके साथ ही बुखार से पीड़ित 39 मरीजों की मलेरिया जांच हेतु रक्त-पट्टिकायें बनायी गयीं। परिवार कल्याण परामर्शदाता राहत जहां द्वारा 15 ग्रामीणों को परिवार नियोजन के साधनों एवं उनके उपयोग तथा लाभ की सलाह/जानकारी दी गई। इसमें गर्भवती और धात्री महिलाओं को आयरन टैबलेट बांटी गयी तथा अन्य महिला-पुरुषों को गर्भनिरोधक वितरित किए गए। स्वास्थ्य शिविर के दौरान उपजिलाधिकारी एसके पाल, आयुष चिकित्सक डॉ. हरिओम शर्मा, ब्लॉक कम्यूनिटी प्रोसेसिंग मैनेजर अनिल कुमार, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक भागीरथ, परिवार नियोजन परामर्शदाता राहतजहां, एलटी एनसीडी सेल सुमित श्रीवास्तव, एसडीएम पेशगार नरोत्तमदास आदि मौजूद रहे।