- बुंदेलखंड दाल मिल के अध्यक्ष के प्रयासों की सराहना की
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। वित्त मंत्रालय द्वारा पीली मटर के आयात पर लगाए गए तीस फीसदी शुल्क का उद्यमियों व व्यापारियों ने स्वागत किया है। इसमें देश के उद्यमियों एवं बुंदेलखंड दाल मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष के प्रयासों की सराहना करते हुए व्यापार मंडल ने उन्हें सम्मानित किया।
जिला स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज व व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को जगदीश मार्केट में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया। जिसमें बताया कि बुंदेलखंड दाल मिल के अध्यक्ष राजेंद्र जैन विद्यासागर ने पीली मटर पर आयात शुल्क लगाने के लिए कई बार केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से वार्ताकर इसके संबंध में प्रतिवेदन दिया और कृषि मंत्री को अवगत कराया कि पीली मटर पर आयात शून्य फीसदी होने के कारण देश के किसानों को पीली मटर की उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। इससे गल्ला व्यापारियों एवं उद्यमियों को विदेश से पीली मटर का भारी आयात होने के कारण बहुत नुकसान हो रहा है। इससे उद्यमियों व व्पापारियों को करोड़ाें रुपये के भारी नुकसान को वहन करना पड़ रहा है। ऐसे में बुंदेलखंड अध्यक्ष ने इसकी आवाज उठाई और कृषि मंत्री से मिलकर उन्हें समस्या से अवगत कराया।
इस पर कृषि मंत्री ने किसानों व उद्यमियों की समस्या को देखते हुए भारत सरकार से पीली मटर के आयात पर अभी तक जो शून्य फीसदी की श्रेणी में था, उसे वित्त मंत्रालय द्वारा अब 29 अक्तूबर को गजट नोटिफिकेशन जारी करके तीस फीसदी आयात शुल्क लगा दिया है। इससे अब उद्यमियों व गल्ला व्यापारियों में खुशी की लहर है। व्यापारियों ने बताया कि इससे एक ही दिन में पीली मटर के दामों में तीन सौ रुपये तक उछाल आया है। इसके और भी बढ़ने की संभावना है। इस मौके पर प्रांतीय चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर, प्रदेश संगठन मंत्री अशोक जैन, जिला स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश जैन, गल्ला व्यापार मंडी अध्यक्ष संजीव जैन कप्तान, जिला महामंत्री अनिल जैन, नितेश जैन, दाल मिल एसोसिएशन के महामंत्री रामस्वरूप साहू, गल्ला व्यापार मंडल वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव जैन, हेमंत जैन, उपेंद्र जैन, आलोक मयूर आदि उपस्थित रहे।