ललितपुर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने अधिकारियों को धार्मिक स्थलों और विसर्जन मार्गों को गड्ढामुक्त करने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख स्थानों पर साफ-सफाई, पेयजल टैंकर, मोबाइल टॉयलेट, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। अफवाहों और भ्रामक पोस्टों पर सोशल मीडिया सेल चौबीस घंटे निगरानी रखेगा। आतिशबाजी व पटाखों के भंडारण हेतु सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा। वह मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में शांति समिति को बैठक में बोल रहे थे।
आगामी नवरात्र, विजयदशमी, दिवाली और महर्षि वाल्मीकि जयंती को लेकर जिलाधिकारी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम के लिए रूट डायवर्जन लागू करने की जानकारी दी। इलाइट चौराहा, बूढ़े बाबा मंदिर और राम नगर कट से विसर्जन मार्ग सुव्यवस्थित किया गया है। सभी प्रतिमाएं गोविंद सागर बांध में विसर्जित की जाएंगी। मूर्ति विसर्जन के दिन सागर की ओर से आने वाला ट्रैफिक मसौरा बैरियर से मंत्री जी के पेट्रोल पंप तक वन-वे रहेगा। नागरिकों और वाहन चालकों से परिवर्तित यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई। विसर्जन केवल पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही होगा, नए स्थल की अनुमति नहीं मिलेगी। त्योहारों के दौरान कोई नई परंपरा या कार्यक्रम शुरू नहीं किया जाएगा। दुर्गा पूजा समितियां पंडालों में अग्निशमन व सुरक्षा मानकों का ध्यान रखेंगी। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहने की बात कही। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, सीएमओ डॉ वीरेंद्र सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।