ललितपुर। बृहस्पतिवार की सुबह राजघाट फीडर के अंतर्गत सिंगरौली रेल लाइन के पास हाइटेंशन लाइन की केबल बर्स्ट हो गई। इस कारण दो दर्जन गांवों के उपभोक्ताओं को दिन भर गर्मी में बिना बिजली के परेशानी उठानी पड़ी।
गल्ला मंडी स्थित 66 केवी सब स्टेेशन में स्थापित राजघाट फीडर के माध्यम से दो दर्जन गांव को बिजली आपूर्ति प्रदान की जाती है। इस फीडर पर आए दिन कहीं न कहीं फाल्ट होने पर बिजली आपूर्ति बाधित बनी रहती है। कभी किसी गांव का ट्रांसफार्मर खराब हो जाता है, तो कभी लाइन में फाल्ट आ जाता है। बृहस्पतिवार की सुबह 5.35 बजे राजघाट फीडर में फाल्ट आ गया, जिस कारण सभी 24 गांवों की बिजली ठप हो गई। विद्युत कर्मियों द्वारा विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर पेट्रोलिंग कर फाल्ट ढूंढा गया, लेकिन दोपहर तक सफलता नहीं मिली। दिन में करीब तीन बजे विद्युत कर्मियों को पेट्रोलिंग के दौरान सिंगरौली रेलवे लाइन के नीचे से निकली 11 हजार केवी की केबल बर्स्ट मिली, जिस पर विद्युत कर्मियों द्वारा केबल में फाल्ट को सुधारने का कार्य किया गया। रात तक बिजली आपूर्ति सुचारु होने की संभावना है।
ट्रांसफार्मर फुंकने से रात भर रहा अंधेरा
ललितपुर। शहर के मुहल्ला बसंत विहार कालोनी व ब्याना नाले के पास क्षेत्र में बिजली आपूर्ति करने वाला ट्रांसफार्मर फुंकने से आसपास के घरों में रात भर अंधेरा पसरा रहा। फीडर नंबर एक के अंतर्गत ब्याना नाले के पास स्थापित सौ केवीए के ट्रांसफार्मर में बुधवार की रात साढ़े 11 बजे अचानक तकनीकी खराबी के कारण फाल्ट आ गया। जानकारी मिलने पर विद्युत कर्मियों द्वारा ट्रांसफार्मर से जुड़े लोगों के घरों की बिजली काटकर बाकी मुहल्लों की बिजली सुचारु कर गई। बृहस्पतिवार को दोपहर करीब एक बजे विद्युत कर्मियों द्वारा 250 केवीए ट्रांसफार्मर ट्रॉली लगाकर आपूर्ति सुचारु की।