ललितपुर। महरौनी क्षेत्र में मीटर बदलने के दौरान मीटरों से छेड़छाड़ कर भारी गड़बड़ी की शिकायतें मिलने के बाद एसडीओ की संस्तुति पर अधिशाषी अभियंता विद्युत ने कार्यदायी संस्था के खिलाफ दो सदस्यीय जांच बैठा दी है। जांच समिति को एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट सौंपनी होगी। संकल्प सेवा संस्थान नामक एजेंसी द्वारा महरौनी क्षेत्र में मीटर बदलने का कार्य किया जा रहा है। संस्था को महरौनी में 1500 मीटर बदलने का कार्य सौंपा गया था। संस्था द्वारा अब तक करीब 150 से अधिक मीटर बदलने का कार्य किया जा चुका है।
मीटर बदलने के दौरान मीटरों में भारी गड़बड़ियां किए जाने की शिकायतें सामने आ रही थीं। मीटरों की रीडिंग होने के बावजूद मीटरों में नो डिस्प्ले दर्शायी जा रही थी। मीटर स्टोर की शिकायतें भी विद्युत अधिकारियों से की जा रही थी। यहां तक कि कार्यदायी संस्था द्वारा मीटर बदलने के दौरान अधिक रीडिंग होने पर कम रीडिंग करने का हवाला देकर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली की शिकायतें भी विद्युत अधिकारियों के सामने आईं। यह मामला महरौनी के उपभोक्ताओं द्वारा एसडीएम मड़ावरा तक भी पहुंच गया था। जिस पर विद्युत विभाग के अवर अभियंता राम कुमार वर्मा ने उपखंड अधिकारी अरविंद गौतम को कार्यदाई संस्था द्वारा अनियमितताएं किए जाने की शिकायत की। उपखंड अधिकारी तृतीय ने अधिशासी अभियंता प्रशांत सिंह से संस्था के खिलाफ अनियमितताएं बरते जाने पर कार्रवाई की संस्तुति कर दी। जिस पर अधिशासी अभियंता ने महरौनी में मीटर बदलने वाली कार्यदाई संस्था के खिलाफ दो सदस्यीय जांच समिति गठित कर एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। ऐसा मात्र महरौनी में ही नहीं हो रहा है, अन्य क्षेत्रों में भी मीटरों में गड़बडय़िों की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं।
संकल्प सेवा समिति द्वारा महरौनी में मीटर बदलने का कार्य किया जा रहा है, जिसकी कई शिकायतें मिलीं है। शिकायतों को संज्ञान में लेकर जांच टीम बना दी गई है। जांच रिपोर्ट के बाद ही आगें कार्रवाई की जाएगी।
- प्रशांत सिंह, अधिशाषी अभियंता विद्युत