विधानसभा चुनाव से पूर्व जनपद की ललितपुर और महरौनी दोनों विधानसभा के डेढ़ सौ पोलिंग बूथों के लिए लगाई गई बिजली केबलें अराजक तत्वों द्वारा चोरी कर ली गई हैं। चारों उपखंड कार्यालय के अवर अभियंताओं ने इसकी रिपोर्ट अधिशासी अभियंता को दी है। विभाग द्वारा अब चुनाव से 10 दिन पूर्व चोरी गई केबलों के स्थान पर नई केबलें उक्त बूथों पर लगाई जाएगी, इसके लिए विभाग द्वारा केबलों का स्टॉक अभियंताओं को उपलब्ध करा दिया गया है।
जनपद में दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 915 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इन पोलिंग बूथों तक बिजली आपूर्ति पहुंचाने की जिम्मेवारी बिजली विभाग की है। यह सभी पोलिंग बूथ बिजली विभाग के चार उपखंड कार्यालय के अंतर्गत आते हैं। विधानसभा निर्वाचन-2017 के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा बिजली विभाग को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुचारु करने के आदेेश दिए थे। जिस पर बिजली विभाग ने विद्युत खंभे से पोलिंग बूथों तक बिजली केबल व मीटर लगाकर बिजली मुहैया कराई और अवर अभियंताओं द्वारा पोलिंग बूथों पर बिजली व्यवस्था के लिए सर्वे कराया गया। इसमें बहुत से पोलिंग बूथों से बिजली केबल नहीं पाई गई। जिस पर अभियंताओं द्वारा उस पोलिंग बूथ वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से संपर्क किया, जिसमें अराजक तत्वों द्वारा बिजली केबल चोरी होने की बात सामने आई। ऐसे एक या दो दर्जन नहीं बल्कि डेढ़ सौ पोलिंग बूथों से बिजली चोरी होना बताया गया है। विद्युत अभियंताओं ने उक्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से केबल चोरी की लिखित जानकारी लेकर अधिशासी अभियंताओं को सौंप दी है। ऐसे में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता ने उक्त पोलिंग बूथों पर अब 10 दिन पूर्व ही नई विद्युत केबलें लगाने का निर्णय लिया है और विद्युत स्टोर से विद्युत अभियंताओं को उक्त पोलिंग बूथों के लिए नई केबलों का स्टॉक उपलब्ध कराया गया है।
जनपद में पोलिंग बूथों के सर्वे में करीब डेढ़ सौ विद्यालयों से बिजली केबलें चोरी होने की जानकारी दी गई है। इसके चलते अवर अभियंताओं को केबलों का स्टॉक उपलब्ध कराते हुए दस दिन पूर्व सभी पोलिंग बूथों पर बिजली सुचारु करने को निर्देशित किया है।
- गौरव कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत।