ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला आजादपुरा वार्ड नंबर 12 में एक युवक ने गरीबी और बेरोजगारी से तंग आकर अपनी बुजुर्ग नानी की नई साड़ी से फांसी लगाकर जान दे दी। वह काम नहीं मिलने से परेशान रहता था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। नई बस्ती चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवत सात माह की उम्र से नानी के साथ ही रहता था।
थाना कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला आजादपुरा के वार्ड नंबर 12 निवासी रवि कुमार (19) पुत्र छोटेलाल बुनकर जब सात माह का था, तब उसकी मां की बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। इसके बाद मध्यप्रदेश के बीना के पास ग्राम भिलावली से उसकी नानी कृष्णा बाई उसे और उसकी बड़ी बहन को अपने साथ ले आईं थी। तब से रवि कुमार अपनी नानी के साथ ही आजादपुरा में रहता था। नानी की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी जिसके चलते वह मोहल्ले में ही लोगों के घरों में बर्तन साफ कर घर का खर्चा चलाती थी। बड़ा होने पर रवि कुमार भी मजदूरी करके घर खर्च में नानी का हाथ बटाने लगा। इस बार रक्षाबंधन पर वह अपनी बहन को ससुराल से घर ले आया था। कुछ दिन पूर्व उसने पड़ोस में ही घर का कुछ सामान रखने के लिए
घर से लगा हुआ एक कमरा किराए पर लिया था। बहन के आने पर उसकी नानी पुराने घर में ही सोती थी। जबकि वह किराए के कमरे में सोता था। शुक्रवार की रात को वह कमरे में सोने चला गया। शनिवार की सुबह सात बजे जब उसकी नानी उसे जगाने गई, तो रवि कमरे में छत के कुंदे पर फांसी से लटकता मिला। जानकारी मिलने पर नई बस्ती चौकी इंचार्ज संदीप सिंह सेंगर अन्य पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक रवि कुमार के रिश्ते के मामा ग्राम पनारी निवासी मेहरबान ने बताया कि बीते रोज सब ठीक था। रात में रवि बगल में किराए के कमरे में सोने चला गया। उसने नानी की नई साड़ी से फांसी लगाकर जान दे दी। वह मजदूरी करता था लेकिन कुछ दिनों से काम नहीं मिल के चलते परेशान रहता था।
नई बस्ती चौकी इंचार्ज संदीप सिंह सेंगर ने बताया की परिजनों से बात करने पर यही बात सामने आई है कि लॉकडाउन के चलते रवि कुमार को काम नहीं मिलता था और गरीबी से परेशान होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।