संवाद न्यूज एजेंसी
बिरधा (ललितपुर)। ब्लॉक मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अफसरों की उदासीनता मरीजों पर भारी पड़ रही है। यहां पर चिकित्सक समय से ओपीडी में नहीं बैठते हैं। इससे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। वहीं, सफाई न होने से जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। पेयजल व्यवस्था भी बेपटरी हो गई है।
अस्पताल में दोपहर डेढ़ बजे ओपीडी खाली पड़ी हुई थी, जबकि मरीज बाहर खड़े रहकर चिकित्सक का इंतजार करते नजर आए। मरीजों को लगभग एक घंटे तक चिकित्सक का इंतजार करना पड़ा। वहीं अस्पताल में स्थित हेल्थ एटीएम बंद रहा, इससे जांच के लिए मरीजों को घंटों तक इंतजार करना पड़ता है। वहीं कई मरीज बाहर से जांच कराने को मजबूर हैं। यही नहीं पानी की टंकी के पास सफाई न होने से गंदगी पड़ी हुई है। कई मरीज तो दशा देखकर पानी तक नहीं पीते हैं। वहीं, हैंडपंप भी खराब पड़ा हुआ है। टंकियों की सफाई तक समय से नहीं हो रही है।