लक्ट्रैट सभागार बैठक में मौजूद डीएम व अन्य अधिकारी
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। डीएम आलोक सिंह ने कहा कि आपदा प्रबंधन की तैयारी हेतु सभी संबंधित विभाग कार्ययोजना शीघ्र ही आपदा प्रबंधन कार्यालय में उपलब्ध करा दें। इसके साथ ही ब्लॉक स्तर पर आशा, एएनएम व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के आपदा के समय किए जाने वाले बचाव कार्यों से संबंधित प्रशिक्षण भी आयोजित करा लिए जाएं। वह बहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हीटवेब, सूखा, बाढ़ प्रबंधन योजना के क्रियान्वयन के लिए बैठक में बोल रहे थे।
डीएम ने कहा कि तालाबों की साफ सफाई का कार्य मनरेगा द्वारा रोस्टर तैयार कर कराया जाए। बाढ़ से संबंधित कारणों का चिन्हांकन कर अभी से आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाए, जिससे आपातकालीन स्थिति में किसी भी प्रकार के संसाधनों की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पेयजल एवं विद्युति आपूर्ति सम्बंधी अधिक
शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उन पर विशेष ध्यान दिया जाए। बाढ़ की स्थिति पर नियंत्रण पाने हेतु जनपद में स्थापित बांधों के पानी को समय-समय पर आवश्यकतानुरुप वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में छोड़ा जाए। पीने के पानी की उपलब्धता एवं गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी दिशानिर्देशों पर भी अधिकारी विशेष ध्यान देते हुए अपने दायित्वों की पूर्ति करें, जिससे जनपदवासियों को लू व हीटवेब जैसी समस्याओं से छुटकारा मिल सके। इस मौके पर
सीडीओ अनिल कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गुलशन कुमार, उप जिलाधिकारी मो. आवेश, उप जिलाधिकारी पाली डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, उप जिलाधिकारी तालबेहट अमित कुमार भारतीय, जिला विद्यालय निरीक्षक रामशंकर, उप निदेशक कृषि संतोष कुमार सविता सहित विभागीय अफसर मौजूद रहे।