ललितपुर। थाना जाखलौन के ग्राम भैलवारा में खेत में पानी के विवाद में किसान की हालत बिगड़ गई। जिस पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जाखलौन क्षेत्र के ग्राम भैलवारा निवासी मुकेश टौंटे(42) पुत्र पुरुषोत्तम सोमवार की शाम को खेत में पानी देने गया था। जहां उसका पड़ोस के खेत वालों से पानी देने को लेकर विवाद हो गया। तभी अचानक मुकेश की हालत खराब हो गई और वह अचेत होकर गिर पड़ा। जिस पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चचेरे भाई दीपक शर्मा ने बताया कि मुकेश का पड़ोस के खेत वालों से खेतों में पानी देने को लेकर विवाद हो गया था। विपक्षियों ने उसके भाई से धक्का मुक्की भी कर दी थी। इसी दौरान मुकेश बेहोश हो गया और जिला अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मृतक के दो बेटे और दो बेटियां हैं।