ललितपुर। अब लोगों को मैला व गंदा पानी नहीं पीना होगा। जल संस्थान को मुख्यालय से 25 टन एलम की आपूर्ति कर दी गई है। विभाग ने फिल्टर में पर्याप्त मात्रा में एलम डाल दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अब मैले पानी की समस्या दूर हो गई है। जल्द ही और एलम प्राप्त होगी।
जल संस्थान के पास एलम का स्टॉक समाप्त हो गया था। इससे पानी फिल्टर तो हो रहा था, लेकिन पीने योग्य नहीं था। मैले व गंदे पानी की सप्लाई से लोगों को बीमार होने का खतरा था। कई लोग पानी पीने से बच रहे थे, कुछ तो उपयोग ही नहीं कर रहे थे। 23 जुलाई के अंक में इस समस्या को समाचार पत्र ने पेज दो पर ‘स्वच्छ पानी का संकट, एलम का स्टॉक खत्म होने के कगार पर’ प्रकाशित किया था। इसके बाद जल संस्थान समेत प्रशासन हरकत में आया। बीते दिन जल संस्थान को मुख्यालय झांसी से 25 टन एलम की आपूर्ति कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि 25 टन एलम 10 दिनों के लिए पर्याप्त है। इसके अलावा मांग कर दी गई है। स्टॉक खत्म होने से पहले उपलब्ध हो जाएगी। इससे अब साफ पानी आएगा।
-
70 हजार की आबादी झेल रही थी समस्या
जल संस्थान से लगभग 14 हजार से अधिक जल संयोजन है। इससे 70 हजार की आबादी को पानी की सुविधा मिल रही है, लेकिन एलम का स्टॉक खत्म होने से पानी शुद्ध नहीं हो पा रहा था। इससे बीमारियों का खतरा बना हुआ था।
-
विभाग के पास 25 टन एलम की आपूर्ति हो गई है। मांग कर दी गई है। स्टॉक खत्म होने से पहले ही आपूर्ति हो जाएगी।
- शिवराज सिंह, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान