ढाई वर्ष से थी खराब, अब मरीजों को बाहर से नहीं करानी पड़ेगी महंगी जांच, रोजाना 50-60 मरीजों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में ढाई वर्ष से ठप पड़ी डिजिटल एक्सरे मशीन ठीक हो गई है। इससे अब यहां आने वाले हड्डी के मरीजों को डिजिटल एक्सरे के लिए बाहर नहीं जाना होगा। इससे प्रतिदिन बाहर जाकर जांच करा रहे 50-60 मरीजों को सुविधा मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज में हड़्डी एवं जोड़ रोग विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भरमार है। यहां पर प्रतिदिन लगभग 180-200 मरीज उपचार के लिए आते हैं। लेकिन, बीते ढाई वर्ष से मरीजों की डिजिटल एक्सरे न होने से उपचार में परेशानी हो रही थी। ऐसे में बाहर निजी एक्सरे सेंटर पर जांच के लिए जाना पड़ रहा था। जहां पर 400-500 रुपये खर्च करने पड़ रहे थे। निर्धन मरीजों को उपचार कराना तक मुश्किल हो जाता था। लेकिन, ढाई वर्ष बाद मेडिकल कॉलेज में एक्सरे मशीन ठीक होने के साथ ही जांच की सुविधा शुरू हो गई है। इससे पुरानी मशीन से अब तक जहां 30-40 मरीज ही जांच करा रहे थे। अब संख्या बढ़कर 70-80 पहुंच गई है।
500 रुपये करने पड़ते थे खर्च
मेडिकल कॉलेज में अब तक डिजिटल एक्सरे खराब होने से प्रतिदिन 50-60 मरीज बाहर जांच के लिए जा रहे थे। इन मरीजों को 400 रुपये से 500 रुपये खर्च करना पड़ रहे थे। अब मरीजों को जांच के लिए पैसे खर्च नहीं करना होंगे।
डिजिटल एक्सरे मशीन खराब थी, जिसको अब मरम्मत कराकर ठीक करा दिया गया है। अब जांच की सुविधा भी शुरू हो गई है। -डॉ. डीनाथ, प्रधानाचार्य, मेडिकल कॉलेज