विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस विभाग में सरगर्मी तेज हो गई हैं। शुक्रवार को झांसी से आए पुलिस उपमहानिरीक्षक ने मुख्यालय आकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधीनस्थों के साथ समीक्षा बैठक कर दिशा-निर्देश दिये। तत्पश्चात डीआईजी शरद सचान ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि लखनऊ में चुनाव आयोग की बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार आचार संहिता लागू होते ही 24 घंटे के भीतर ही बाल पेंटिंग व होर्डिंगों को हटाया जाना आवश्यक है।
इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर क्षेत्र के लोगों में चुनाव निष्पक्ष होने का भरोसा दिलाकर वोटरों को भयभीत करने वाले अराजकतत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विधानसभा चुनाव में तैनात रहने वाली अर्ध सैनिक बलों की ठहरने व खाने पीने की व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, डीआईजी शरद सचान ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में स्थापित चुनाव कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें चुनाव कार्यालय में खामियां नजर आने पर पुलिस अधीक्षक डी प्रदीप कुमार को जल्द से जल्द सुधार लाने के निर्देश देते हुए चुनाव कार्यालय की प्रतिदिन मोनिटंरिग करने के आदेश दिए।
साथ ही उन्होंने चुनाव को निष्पक्ष तरीके से कराने को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों को किसी दिशा में बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डी प्रदीप कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह, सदर क्षेत्राधिकारी हिंमाशु गौरव, नाराहट क्षेत्राधिकारी कल्यान सिंह, क्षेत्राधिकारी तालबेहट कुंवर बहादुर, महरौनी क्षेत्राधिकारी बलदेव सिंह, एसपी पीआरओ विनोद कुमार, एसपी रीडर सत्यदेव सचान, चुनाव कार्यालय प्रभारी विजय सिंह, प्रतिसार निरीक्षक शिवराम यादव व अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।