- दरवाजा तोड़कर फंदे पर लटक रही महिला को उतारा नीचे, जिला अस्पताल में कराया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मुसीबत के समय लोगों की सहायता को तैयार रहने वाली पुलिस की डायल 112 सेवा शहर के एक परिवार के लिए वरदान साबित हुई है। गाड़ी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर फंदे पर लटकी महिला को नीचे उतारकर जान बचाई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
शहर निवासी सुषमा (30) पत्नी जितेंद्र शनिवार की दोपहर अपने कमरे में गई और दरवाजा बंद करके छत के कुंदे पर फंदे से लटक गई। परिजनों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस तीन मिनट 25 सेकेंड में मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर फंदे पर लटक रही सुषमा को नीचे उतारा। फंदे पर लटकने से महिला की हालत बिगड़ गई थी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत में सुधार बताया है। परिजनों ने फंदे पर लटककर जान देने का प्रयास करने का कारण अज्ञात बताया है। वहीं डायल 112 पुलिसकर्मियों के द्वारा महिला की जान बचा लेने पर परिजनों ने जहां उनकाे धन्यवाद दिया तो लोगों ने भी इसकी खूब सराहना की। इस मामले में एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने सिपाही प्रदीप कुमार होमगार्ड बालकिशन को 25 हजार रुपये इनाम दिया है।