जनपद में 24 अस्पतालों में 12 पुरुष और 12 महिला प्रशिक्षक रहेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। राजकीय होम्योपैथिक अस्पतालों को आयुष हेल्थ वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनमें चिकित्सकों से साथ योग प्रशिक्षक की तैनाती की जा रही है।
जनपद में संचालित 24 होम्योपैथिक अस्पतालों में योग प्रशिक्षकों की तैनाती शुरू हो गई है। पहले चरण में 12 निजी भवनों वाले चिकित्सालयों को लिया गया है। योग चिकित्सक मरीजों को दवा लेने के साथ नियमित योग करने के गुर भी सिखाएंगे।
जानकारी के मुताबिक राजकीय होम्योपैथिक अस्पतालों में तैनात हो रहे प्रशिक्षकों में पुरुषों को प्रतिमाह 30 घंटे और महिलाओं को 20 घंटे मरीजों को मरीजों को योग के गुर सिखाने होंगे। इनके लिए विभाग की ओर से मानदेय का निर्धारण किया गया है। इन योग प्रशिक्षकों को एक साल में 11 माह तक प्रशिक्षण देना होगा। विभागीय लिपिक लालचंद्र ने बताया कि अब तक करीब 18 योग प्रशिक्षकों को चयनित कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि अवकाश से वापस आने पर जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. प्रदीप त्यागी के निर्देशानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। फिलहाल विभाग के अपने भवनों में चल रहे 12 चिकित्सालयों में पहले तैनाती की जाएगी।