संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। स्थानीय कंपनीबाग में रविवार को शहर में गहराए पेयजल संकट को लेकर बुंदेलखंड विकास सेना ने संगठन प्रमुख हरीश कपूर की अध्यक्षता में बैठक की। इसमें वक्ताओं ने पेयजल आपूर्ति दुरुस्त होने तक टैंकरों से पानी उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।
संगठन प्रमुख ने कहा कि शहर में प्रत्येक वर्ष गर्मी शुरू होते ही पेयजल संकट गहरा जाता है। उन्होंने कहा गोविंद सागर बांध में पर्याप्त पानी होने के बाद भी संकट दूर नहीं हो रहा है। अन्य वक्ताओं ने कहा कि अधिकारियों की उदासीनता का दंश पेयजल संकट से परेशान होकर भुगतना पड़ रहा है। प्रत्येक वर्ष केंद्र व राज्य सरकार द्वारा बजट जारी किया जा रहा है। इसके बाद भी आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है।
वर्तमान में अमृत योजना चल रही है, जिसका उद्देश्य घर-घर पेयजल की आपूर्ति करना है, लेकिन योजना धरातल पर नहीं उतर पाई है। जिला ललितपुर में अधिक बांध होने के बाद भी पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। नलों में गंदा व बदबूदार पानी आ रहा है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। अंत में संगठन प्रमुख ने कहा कि बुधवार को घंटाघर पर मटका फोड़ प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने मांग की है कि पेयजल आपूर्ति दुरुस्त होने तक टैंकरों से पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही खराब हैंडपंप की मरम्मत की जाए, अन्यथा संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। बैठक में कदीर खां, मुन्ना त्यागी, प्रेमशंकर गुप्ता, विनोद साहू, प्रदीप, हनुमत पहलवान, नंदराम कुशवाहा खुशाल बरार, कामता शर्मा आदि अन्य मौजूद रहे।