संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। नामदेव समाज के जिलाध्यक्ष ने उसके घर में घुसकर उसके साथ मारपीट करने वाले को गिरफ्तार करने, उस पर दर्ज कराए गए झूठे मुकदमे को खत्म करने एवं विवेचक बदले जाने की मांग को लेकर डीएम और एसपी ज्ञापन दिया।
कस्बा निवासी नामदेव समाज के जिलाध्यक्ष विमलेंद्र नामदेव ने सोमवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन में बताया कि 25 फरवरी की शाम उसके घर के सामने अपनी बाइक निकालने के लिए रास्ते में खड़े ई रिक्शा चालक से वाहन एक तरफ करने को कहा था। इस पर विवाद बढ़ा और ई-रिक्शा चालक एवं उसके साथियों ने उसे और उसके परिजनों की घर में घुसकर पिटाई कर दी। उसने तत्काल पुलिस इसकी सूचना दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
उसके पुत्र के खिलाफ झूठा मनगढ़ंत मुकदमा पंजीकृत कर दिया गया। अगले दिन सुबह उसे और उसके पुत्र के खिलाफ शांति भंग की धारा में चालान कर दिया। बताया कि उसकी तहरीर पर भी मारपीट करने वालों पर मुकदमा दर्ज है लेकिन पुलिस ने आज तक उन्हें नहीं पकड़ा है। उन्होंने विवेचक को बदलते हुए निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई है।