शासन ने छह माह पूर्व कांजी हाउस का निर्माण के लिए नगर पालिका को बजट उपलब्ध करा दिया है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। कांजी हाउस का जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर गौ सेवा मंडल समिति के कार्यकर्ता सोमवार से नगर पालिका कार्यालय परिसर में हड़ताल पर बैठे हुए हैं। मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने प्रदर्शनकारियों को मनाने का प्रयास किया, लेकिन संतोषजनक आश्वासन नहीं मिलने पर गौ भक्त लगातार अपनी मांग व धरना पर अड़े हुए हैं।
मंगलवार से हिंदू युवा वाहिनी ने भी गौ सेवा मंडल का समर्थन करते हुए हड़ताल पर बैठ गए हैं। नपा अध्यक्ष ने कहा कि कांजी हाउस के निर्माण के लिए सुरईघाट मुक्तिधाम की जमीन की मंजूरी हो गई है, लेकिन निर्माण शुरू होने से पहले कुछ विभागीय औपचारिकताएं पूर्ण करनी होंगी। जबकि प्रदर्शनकारियों की मांग है कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले कांजी हाउस का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाए। वहीं गौ सेवा मंडल अध्यक्ष सुनील पटैरिया ने बताया कि संगठन द्वारा अब क्रमिक धरना प्रदर्शन की जगह अनिश्चित कालीन और भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। इस दौरान करीम राईन, सुनील जैन, योगेश द्विवेदी, दुर्गेश, रामकुमार पुरोहित, कपिल मिश्रा, अखिलेश, जिमेंद्र परमार, भूपेंद्र तिवारी, प्रशांत शुक्ला आदि उपस्थित रहे।