ललितपुर। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में किसानों ने बुधवार को ग्राम दैलवारा के छूटे किसानों को रवि की नष्ट फसल का मुआवजा एवं बीमा राशि दिलवाने की मांग कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि छह माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी अभी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस संबंध में डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत ने कहा कि दैलवारा के कई किसान महीनों से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। परंतु अभी तक उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई न ही मुआवजा राशि किसानों को मिली है, जबकि कुछ धनराशि ग्राम वासियों के खाते में आ चुकी है। लेखपालों ने गांव के सर्वे के पश्चात क्षतिग्रस्त फसल के मुआवजे के संबंध में 26 से 31 मार्च तक तहसील में किसानों से संबंधित दस्तावेज फीड कराए गए थे। उन्होंने ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर शीघ्र ही अपने खाते में बीमा मुआवजा की धनराशि दिलाने की मांग की है। चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के भीतर यह राशि खाते में नहीं आती है तो दैलवारा के किसान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जखौरा के बैनर तले आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष नागेश रजक,पीसीसी सदस्य राकेश रजक, आशाराम तिवारी, बहादुर अहिरवार,पर्वतलाल अहिरवार, नीरज पाराशर, पूरनलाल, हन्नू अहिरवार, सूर्या राजा बुंदेला, लक्ष्मन, विकास कुमार, लेदा सहरिया, जगनलाल, किसनलाल, गोपीलाल सहरिया,सोन सिंह बट्टू, जाहर सिंह राजपूत, भान सिंह राहुल सेन आदि मौजूद रहे।