लोगों से मुलाकात करते सीएम योगी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत का नौजवान सीमा पर जो तोप लेकर जाएगा, वह बुंदेलखंड की धरती पर बने डिफेंस कॉरिडोर की होगी। सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर योजनाएं बना रही है। हर घर जल योजना के तहत दिसंबर माह तक बुंदेलखंड के प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचेगा।
चौकाबाग स्थित कथा स्थल पर संत मोरारी बापू की रामकथा के समापन पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बगैर भेदभाव के सरकार की योजनाओं का सभी वर्ग के लोगों को लाभ मिल रहा है। सरकार बुंदेलखंड के झांसी में डिफेंस कॉरिडोर बनवा रही है। भारत का नौजवान सीमा पर जो तोप को लेकर जाएगा, वह इसी धरती पर बनी होगी।
उन्होंने करीब 268 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर काम जनवरी 2023 तक पूरा कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कचनौदा ग्राम समूह पेयजल योजना का निरीक्षण किया। उन्हें बताया गया कि इस योजना से क्षेत्र के आसपास के 62 गांव लाभान्वित होंगे। इस पेयजल योजना द्वारा 25504 गृहों को पेयजल संयोजन प्राप्त होंगे और 145324 जनसंख्या को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने परियोजना को समयावधि अक्तूबर माह तक पूरा कराने के निर्देश दिए। पुलिस लाइन सभागार में जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं।