ललितपुर। शहर में आजादपुरा से डेम कॉलोनी जाने वाले नहर मार्ग का डामरीकरण कर दिया गया है, लेकिन तुवन चौराहा से तुवन टीला जाने वाली सीसी सड़क अब भी जर्जर है। यहां पर सड़क में जगह-जगह गड्ढे और कट हो गए हैं। ऐसे में लोग वाहन से तो दूर पैदल तक नहीं निकल पा रहे हैं। लोगों को दिक्कत हो रही है, लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
गोविंद सागर बांध की बाईं नहर नगर के विभिन्न मोहल्लों से होकर निकली है। इन मोहल्लों में आवाजाही के लिए नहर सड़क से होकर रास्ता है। जहां से डेम कॉलोनी आजादपुरा, सिविल लाइन आदि मोहल्ले के लोगों का आवागमन होता है। डेम कॉलोनी से तुवन चौराहे तक सड़क वर्षों से खराब पड़ी थी। इससे चार पहिया वाहनों की अवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई थी।
इसके बाद सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया, जो आजादपुरा तक तो पूरा हो गया। इससे डेम कॉलोनी और अन्य मोहल्लों के लोगों को सहूलियत मिल गई, लेकिन तुवन चौराहा से आजादपुरा तुवन टीला तक नहर किनारे बना सीसी रोड पूरी तरह से जर्जर हो गया है। जगह-जगह हुए गड्ढे और कट आवाजाही में मुसीबत बन रहे हैं।
तुवन मंदिर मैदान के कोने के पास कट दुर्घटना को दावत दे रहा है। कई बाइक सवार फिसलकर गिर जाते हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार अनदेेखी कर रहे हैं।
- नहर रोड पर आजादपुरा में डामरीकरण करने से सुविधा हो गई। लेकिन तुवन टीला के सीसी मार्ग की भी मरम्मत कराई जाए, तब आवाजाही सुगम हो सकेगी।
तुवन चौराहा मार्ग से तुवन टीला मार्ग का सीसी सड़क पूरी तरह से जर्जर है। इससे चार पहिया वाहन ही नहीं दो पहिया वाहनों की निकासी में भी परेशानी हो रही है।
- क न्हैयालाल
आजादपुरा में तुवन मार्ग के पास सीसी सड़क जर्जर हो गई है। इससे अन्य मार्ग से आवाजाही करनी पड़ रही है। इससे अधिक समय खराब हो रहा है।
- ऋतिक रावत
पीछे भले ही नहर रोड पर डामरीकरण करा दिया गया हो, लेकिन प्रवेश करने वाले स्थान पर ही सड़क जर्जर पड़ी हुई है। इससे आवाजाही प्रभावित हो गई है।
- अरविंद पाठक
तुवन चौराहा से नहर मार्ग पर सीसी रोड खराब होने की जानकारी हुई है। इसके निर्माण करने वाले विभाग से जानकारी कर निर्माण कार्य कराया जाएगा।
- निहालचंद्र, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद