ललितपुर। थाना महरौनी के अंतर्गत ग्राम चौकी दिगवार में एक युवक का शव गांव से ही कुछ दूरी पर सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। महरौनी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक चार बहनों में इकलौता भाई था। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।
महरौनी के ग्राम चौकी दिगवार निवासी अनिल तिवारी (32) पुत्र सत्यनारायण तिवारी बृहस्पतिवार की शाम को लगभग सात बजे घर से लापता हो गया। जब वह काफी देर तक नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
शुक्रवार की अलसुबह लगभग तीन बजे उसके पिता सत्यनारायण फिर से बेटे की खोज में घर से निकल गए, वह गांव से लगभग आधा किलोमीटर दूर ही पहुंचे थे कि एक ट्रांसफार्मर के खंभे से चंद कदमों की दूरी पर सड़क किनारे बेटे का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। पिता से जानकारी पाकर अन्य परिजन व ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे गए। पुलिस के अनुसार मृतक चार बहनों में अकेला भाई था। परिजनों ने अभी किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी महरौनी फूलचंद्र ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।